पहली मुलाकात
नीतू कपूर हमेशा ने जब ऋषि कपूर को डेट करना शुरू किया तब वो केवल चौदह साल की थीं। उस समय ऋषि कपूर पूरे देश के दिल में राज करने वाले हीरो बन चुके थे जबकि नीतू सिंह ने इंडस्ट्री में अपना कदम रखा था और छोटे छोटे कदमों के साथ आगे बढ़ रही थीं। दोनों पहली बार ज़हरीला इंसान नाम की फिल्म में एक साथ नज़र आए थे। ये फिल्म 1974 में रिलीज़ हुई थी।

तकरार से प्यार तक
ऋषि कपूर और नीतू कपूर की शुरूआत तकरार से हुई थी। ऋषि कपूर काफी शैतान थे और नीतू को बहुत परेशान करते थे। उनका मेकअप पूरा हो जाने के बाद ऋषि कपूर अकसर उनका काजल फैला देते थे। लेकिन फिल्मी तरीके से ही सही ये तकरार प्यार में बदल गई। नीतू सिंह को ऋषि कपूर की ये शैतानियां अच्छी लगने लगीं।

एक ही दोस्त – नीतू
ऋषि कपूर उस समय लड़कियों को डेट करते रहते थे लेकिन उनकी दोस्त एक ही थी – नीतू सिंह। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया था और उनकी दोस्ती गहरी होती गई। जब भी ऋषि कपूर का किसी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप होता था तो वो नीतू सिंह से अपने दिल का दुख दर्द बांट कर रोते थे।

प्यार का एहसास
ऋषि कपूर को अपने प्यार का एहसास तब हुआ जब वो नीतू सिंह से दूर बारूद नाम की एक फिल्म की शूटिंग करने विदेश गए। इस दौरान उन्होंने नीतू सिंह को काफी मिस किया। इस फिल्म के पहले ही नीतू सिंह और ऋषि कपूर ने कभी कभी के लिए कश्मीर में शूटिंग की थी। बारूद की शूटिंग के लिए जब ऋषि पैरिस गए तो उन्हें नीतू की कमी खलने लगी। ऋषि कपूर ने नीतू को टेलीग्राम लिखा – ये सिखणी बड़ी याद आती है।

शादी नहीं सिर्फ अफेयर
ऋषि कपूर ने नीतू सिंह को साफ कर दिया कि वो सिर्फ उन्हें डेट करेंगे पर शादी नहीं करेंगे। लेकिन नीतू सिंह ऋषि कपूर के प्यार में थीं और सब कुछ मानने को तैयार थीं। नीतू सिंह की मां, इस रिश्ते से नाखुश थीं। उस समय नीतू बहुत छोटी थीं, केवल 14 साल की। वो कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ ही रही थीं। इसलिए वो नहीं चाहती थीं कि ऐसे समय में लोग ऋषि कपूर और नीतू सिंह के अफेयर के बारे में गॉसिप करने लगें। इसलिए जब भी ऋषि कपूर, नीतू सिंह को डेट पर लेकर जाते थे, नीतू सिंह की मां, नीतू के किसी भाई को साथ में भेज देती थीं।

अब नीतू सिंह को नहीं करनी थी शादी
जब ऋषि कपूर ने नीतू सिंह को शादी के लिए प्रपोज़ किया तो नीतू सिंह की मां काफी खुश हुईं। लेकिन नीतू सिंह ये शादी नहीं करना चाहती थीं। क्योंकि वो अपने परिवार की इकलौती कमाऊ सदस्य थीं और अपनी मां को ऐसे छोड़ना नहीं चाहती थीं। लेकिन ऋषि कपूर ने तुरंत ही इस समस्या का हल निकाला और राजी सिंह को शादी के बाद नीतू और ऋषि के साथ रहने के लिए मनाया।

अचानक हो गई सगाई
नीतू सिंह और ऋषि कपूर, दिल्ली में एक शादी अटेंड करने पहुंचे थे और ऋषि कपूर की बहन को लगा कि कि ये सही मौका है। तुरंत ही नीतू और ऋषि कपूर की सगाई का एलान कर दिया गया। उन्होंने दोनों के परिवारों को इस मौके पर पहले ही बुला लिया था। ऐसे अचानक से हुए एलान से नीतू के हाथ पांव फूल गए और ऋषि कपूर ने उन्हें शांत करवाया। सगाई के वक्त दोनों के ही पास कोई अंगूठी नहीं थी। ऋषि कपूर ने अपनी बहन की अंगूठी नीतू को पहना दी और नीतू कपूर को उनकी फिल्म झूठा कहीं का के डायरेक्टर ने अपनी अंगूठी दी ऋषि कपूर को पहनाने के लिए।

शादी की कंट्रोवर्सी
ऋषि कपूर और नीतू कपूर की शादी का सबसे दिलचस्प वाकया हैं रेखा। दरअसल, रेखा, ऋषि कपूर और नीतू सिंह की शादी में सिंदूर लगाकर पहुंच गईं और सारे कैमरे अचानक उनकी तरफ मुड़ गए। उस समय रेखा और अमिताभ बच्चन के साथ होने की अफवाहें ज़ोरों पर थीं। और रेखा को ऐसे देख जया बच्चन खुद को काफी संभालने के बाद रो पड़ी थीं।

ऊंचाई पर छोड़ा करियर
नीतू सिंह ने नीतू कपूर बनते ही अपने करियर को फुलस्टॉप लगा दिया। हालांकि सबने इस बात के लिए कपूर खानदान की काफी आलोचना की। सबका मानना था कि चूंकि कपूर खानदान की बहु – बेटियां फिल्मों में काम नहीं करती हैं, नीतू कपूर को भी करियर की ऊंचाई पर अपना करियर छोड़ना पड़ा। हालांकि नीतू सिंह ने हर इंटरव्यू में इसे अपना निजी फैसला बताया। नीतू पांच साल की उम्र से हिंदी फिल्मों में काम कर रही थीं।

शादी में अड़चनें
एक समय ऐसा भी आया जब ऋषि कपूर और नीतू सिंह की शादी में बेहद मुश्किलें आईं। कहा जाता है कि ऋषि कपूर अपने करियर के ढलान पर थे और बुरी तरह शराब में डूब चुके थे। अफवाहों की मानें तो नीतू कपूर ने उनके खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत भी दर्ज करवाई थी। नीतू ने अपना घर छोड़ दिया था। हालांकि जैसे ही बात फैलने लगीं वो वापस लौट आईं और अपना घर, पति और बच्चों को संभाल लिया।